एक्सपायर दवा देने से बिगड़ी युवक की तबीयत, झाबुआ में अवैध क्लीनिक का भंडाफोड़….

#Jhabuahulchul
झाबुआ डेस्क। शहर के राजवाड़ा क्षेत्र में मेडिकल स्टोर के पीछे चोरी-छिपे संचालित एक अवैध क्लीनिक का मामला सामने आया है। क्लीनिक संचालक द्वारा एक युवक को एक्सपायर दवा दिए जाने के बाद उसकी तबीयत रात में अचानक बिगड़ गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दवा लेने के कुछ समय बाद युवक की हालत बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होने पर युवक अपने साथियों के साथ आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष कमलेश सिंगाड़ को लेकर संबंधित क्लीनिक पहुँचा। मौके पर जब क्लीनिक की जांच की गई तो सामने आया कि वह बिना किसी वैध अनुमति और पंजीयन के संचालित किया जा रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुँची। जांच में अवैध संचालन की पुष्टि होने के बाद विभाग ने क्लीनिक को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इधर, स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित ऐसे अवैध क्लीनिकों की नियमित जांच की जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी भी नागरिक के स्वास्थ्य और जीवन के साथ खिलवाड़ न हो।




