धूमधाम से निकली धर्म ध्वजा रोपण यात्रा, प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में…

#Jhabuahulchul
रायपुरिया@राजेश राठौड़
गांव रायपुरिया में चैत्र नवरात्रि एवं गुड़ी पड़वा (हिन्दू नववर्ष) के पावन अवसर पर पाटीदार समाज द्वारा भव्य धर्म ध्वजा रोपण यात्रा निकाली गई। पूरे गांव में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। बैंड-बाजों और धार्मिक जयघोष के साथ निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष, युवक-युवतियां पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार, गांव में नवनिर्मित मंदिर में आगामी अप्रैल माह के तीसरे सप्ताह में श्री राम दरबार, अम्बिका माता एवं राधा-कृष्ण की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस मंदिर का निर्माण पाटीदार समाज के सहयोग से किया गया है, जिसे लेकर समाज में खासा उत्साह है। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं और आयोजन को भव्य रूप देने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
धर्म ध्वजा रोपण यात्रा का शुभारंभ राम मंदिर प्रांगण से हुआ, जो गांव के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा के मुख्य यजमान शिवराम पिता अम्बाराम जी पाटीदार रहे, जो पूरे मार्ग में श्रद्धापूर्वक धर्म ध्वजा लेकर चल रहे थे। यात्रा के समापन पर आचार्य पंडित देवेंद्र शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत धर्म ध्वज रोपण किया गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार किसी भी शुभ कार्य या बड़े आयोजन से पूर्व ध्वज रोपण करना आवश्यक माना जाता है। यह कार्यक्रम उसी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे गांव में सुख-समृद्धि, शांति एवं ईश्वरीय कृपा बनी रहे।




