छापरापाड़ा खरीदी केंद्र का शुभारंभ, पहले ही दिन किसानों का उत्साह देखने को मिला…

#Jhabuahulchul
रायपुरिया@राजेश राठौड़
प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 10 अप्रैल को आदिम जाति सेवा केंद्र अंतर्गत उपजाऊ खरीदी केंद्र छपरा पड़ा का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम सुश्री तनुश्री मीणा के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर की गई, जिसके पश्चात तोल-कांटे की पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
खरीदी केंद्र के पहले दिन ही किसानों में उत्साह देखने को मिला। केंद्र पर पहुंचे प्रथम किसानों हरिराम पाटीदार, रामेश्वर पाटीदार एवं नानालाल पाटीदार का पुष्पमालाओं से स्वागत कर सम्मानित किया गया। प्रथम दिवस पर लगभग 12 स्लॉट बुकिंग के माध्यम से किसानों के गेहूं की तुलाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
संस्था द्वारा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीदी केंद्र पर पेयजल, छाया सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। जानकारी के अनुसार इस केंद्र पर करीब 800 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिससे आने वाले दिनों में खरीदी कार्य में तेजी आने की संभावना है।
इस दौरान एसडीएम सुश्री तनुश्री मीणा ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वे सीधे उन्हें अवगत कराएं, ताकि त्वरित समाधान किया जा सके।
संस्था प्रबंधक भागीरथ पाटीदार ने एसडीएम के समक्ष प्रमुख समस्या रखते हुए केंद्र पर बड़े डोम (चद्दर शेड) निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि विगत दो वर्षों से मंडी प्रशासन से इस संबंध में अनुरोध किया जा रहा है, ताकि किसानों की उपज को सुरक्षित रखा जा सके और खराब मौसम से होने वाले नुकसान से बचाव हो सके। एसडीएम ने इस मांग को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही मंडी प्रशासन से चर्चा कर केंद्र पर बड़ा डोम स्थापित कराने का आश्वासन दिया।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान खाद्य विभाग के कनिष्ठ अधिकारी सुरेश तोमर, शाखा प्रबंधक मनोज शुक्ला, देवीलाल त्रिवेदी, घनश्याम पाटीदार सहित अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




