चेकिंग पर गए विद्युत कर्मचारियों के साथ अभद्रता,,,परवलिया पुलिस ने मामला दर्ज किया…!

#Jhabuahulchul
परवलिया@उमेश पाटीदार
काकनवानी डीसी के परवलिया कैंप क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अवैध मोटर पंप की चेकिंग के दौरान विद्युत विभाग की टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। मामला ग्राम दौलतपुरा कहाली फलिया का है।
कनिष्ठ यंत्री राकेश साहू ने परवलिया चौकी में आवेदन देकर बताया कि वे अपने स्टाफ—द्वारका प्रसाद कोरी, कमल साहू (लाइनमैन) तथा अन्य कर्मचारियों के साथ गांव में अवैध मोटर पंप की जांच करने पहुंचे थे।
जांच के दौरान कालू पिता लालजी भूरिया का अवैध कनेक्शन पाया गया। आगे की जांच में यह भी सामने आया कि कालू भूरिया का घरेलू बिजली बिल 3098 रुपये बकाया है।
जब कनिष्ठ यंत्री और लाइनमैन ने बकाया बिल जमा करने की बात कही तो आरोप है कि कालू भूरिया ने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मां-बहन की अशोभनीय गालियों से अभद्रता की और मौके से चले जाने की धमकी दी।
घटना के बाद विद्युत विभाग की ओर से इसकी शिकायत परवलिया पुलिस चौकी में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




