बोर्ड वार्षिक परीक्षा 2026: कक्षा 5वीं व 8वीं की परीक्षा प्रारंभ, 97.78% उपस्थिति दर्ज…

#Jhabuahulchul
पेटलावद डेस्क। बोर्ड वार्षिक परीक्षा 2026 के अंतर्गत कक्षा 5वीं एवं 8वीं की परीक्षाएं आज दिनांक 20 फरवरी 2026 से प्रारंभ हो गईं। परीक्षा केंद्र शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय पेटलावद पर परीक्षार्थियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ परीक्षा में भाग लिया।
परीक्षा केंद्र का निरीक्षण बीआरसी श्रीमती रेखा गिरि द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। केंद्र पर कक्षा 5वीं में पंजीकृत 154 विद्यार्थियों में से 152 विद्यार्थी उपस्थित रहे, वहीं कक्षा 8वीं में 207 में से 201 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार कुल मिलाकर 97.78 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो संतोषजनक मानी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि परीक्षा का संचालन पूर्णतः व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से किया जा रहा था। केंद्र पर किसी प्रकार की अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि नहीं पाई गई। परीक्षा कक्षों में आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया गया था तथा विद्यार्थियों को समय पर प्रश्नपत्र वितरित किए गए।
परीक्षा केंद्राध्यक्ष श्री मोहनलाल सोलंकी के नेतृत्व में सहायक केंद्राध्यक्ष श्री ऋषिराज चन्द्रावत, श्री नरेंद्र कुमार मोन्नत, श्री संदीप राठौर एवं बी.ए.सी. श्री लालसिंह अम्लावर सहित समस्त स्टाफ ने परीक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रशासन द्वारा बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। प्रथम दिवस पर केंद्र पर अनुशासन एवं व्यवस्था का सकारात्मक वातावरण देखने को मिला।
अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। आगामी दिनों में भी परीक्षाएं निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित की जाएंगी।



