लगातार स्कूलों का निरीक्षण कर रही हैं BRC रेखा गिरी, सुधार और व्यवस्था के लिए दिए आवश्यक निर्देश..!

#Jhabuahulchul
पेटलावद डेस्क। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तनुश्री मीना के मार्गदर्शन में खंड स्रोत समन्वयक (BRC) रेखा गिरी द्वारा क्षेत्र के शासकीय स्कूलों का सतत निरीक्षण जारी है। इसी क्रम में आज संकुल केंद्र शासकीय प्राथमिक विद्यालय बालक पेटलावद एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय बालक बामनिया का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति, शिक्षकों की भूमिका तथा मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान BRC रेखा गिरी ने पाया कि कुछ विद्यालय भवनों की स्थिति जर्जर या अनुपयुक्त है, जिसके चलते शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।

विशेष रूप से एम एस उन्नई को पंचायत भवन में एवं पीएस मालपाड़ा और पीएस चरपोटा फलिया को किराये के भवन में संचालित करने की आवश्यकता बताई गई। इसके लिए जनशिक्षक और संस्था प्रमुख को तत्काल प्रभाव से भवन परिवर्तन कर शाला संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
BRC रेखा गिरी ने शिक्षकों से कहा कि बच्चों की उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मध्याह्न भोजन, पोषण ट्रैकर, साफ-सफाई, बच्चों की यूनिफॉर्म और शैक्षणिक रजिस्टरों की भी जांच की।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सभी शिक्षक और संस्था प्रमुख अपने कार्यों के प्रति गंभीर रहें, अन्यथा संबंधितों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्रीय शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए BRC रेखा गिरी द्वारा किया जा रहा यह निरंतर प्रयास सराहनीय है, जिससे न केवल व्यवस्थाओं में सुधार हो रहा है बल्कि शिक्षा के प्रति एक सकारात्मक संदेश भी प्रसारित हो रहा है।





