अंचल में आफत बनी बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि, तेज हवा के साथ बारिश से फसलें गिरीं, किसान व आमजन चिंतित…!

#Jhabuahulchul
रायपुरिया@राजेश राठौड़
सोमवार शाम रायपुरिया अंचल में अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते आसमान काले घने बादलों से घिर गया। शाम करीब 5 बजे बादलों की तेज गरज, बिजली की चमक और तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश एवं ओलावृष्टि शुरू हो गई, जो समाचार लिखे जाने तक जारी थी।
अचानक आई इस बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज हवा और मूसलाधार बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं। ग्राम बनी के किसान पूना पिता ईश्वर पाटीदार की करीब 5 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जमीन पर गिर गई, जिससे फसल खराब होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि वास्तविक नुकसान का आकलन मंगलवार सुबह खेतों में पहुंचने के बाद ही हो सकेगा।
बेमौसम बारिश से शादी-विवाह वाले परिवारों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं। वहीं, प्रजापत समाज के ईंट निर्माता भी प्रभावित हुए हैं, बारिश के कारण ईंटें गीली हो गईं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
अचानक बदले मौसम ने पूरे अंचल में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और किसान सहित विभिन्न वर्ग नुकसान को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।




