
#Jhabuahulchul
झाबुआ@जितेंद्र बैरागी ✍🏻
झाबुआ जिले के थांदला विकासखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब विद्यालय के समीप टचिंग ग्राउंड में अचानक आग लग गई। आग से उठे जहरीले धुएं ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे स्कूल में मौजूद बच्चों और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। एसडीएम, तहसीलदार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं थांदला, पेटलावद और झाबुआ से फायर ब्रिगेड की टीमें भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। कुछ ही देर में आग तो बुझा दी गई, लेकिन उससे उठने वाला जहरीला धुआं देर रात तक लगातार फैलता रहा।
धुएं की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आधी रात तक बच्चों और स्टाफ की सहनशक्ति जवाब देने लगी। हालात बिगड़ते देख विद्यालय प्रबंधन ने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर तत्काल निर्णय लिया कि बच्चों को उनके परिजनों को बुलाकर सुपुर्द किया जाए। इसके बाद पालकों को अलर्ट मैसेज भेजकर रात में ही बच्चों को लेने बुलाया गया।
सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि जिस रात बच्चे और स्टाफ जहरीले धुएं के बीच भय और परेशानी से जूझते रहे, उसी के अगले दिन विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षा भी निर्धारित थी। ऐसे में बच्चों को मानसिक तनाव की स्थिति में ही परीक्षा देने की मजबूरी का सामना करना पड़ सकता है।
उल्लेखनीय है कि जवाहर नवोदय विद्यालय में इस प्रकार की समस्या कोई नई नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से विद्यालय परिसर के आसपास लगने वाली आग और उससे उठने वाले जहरीले धुएं व बदबू से बच्चे और स्टाफ जूझते आ रहे हैं। बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है, ।




