श्री सांवरिया सेठ दीपावली उत्सव मेले का भव्य शुभारंभ,,,आतिशबाजी की रोशनी में जगमगाया सारंगी नगर में उमड़ा जनसैलाब,,,मेला समिति की मेहनत से संभव हुआ आयोजन…!

#Jhabuahulchul
सारंगी@संजय उपाध्याय
दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर पूरे नगर में उत्सव और उमंग का माहौल दिखाई दे रहा है। बुधवार रात आतिशबाज़ी की झिलमिल रोशनी और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्री सांवरिया सेठ दीपावली उत्सव मेला समिति द्वारा आयोजित प्रथम दीपावली उत्सव मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन सारंगी मंडल अध्यक्ष पप्पू लाल गामड़ और ग्राम पंचायत सारंगी की सरपंच फूनदी बाई मेड़ा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों और जयघोष के साथ मेले की शुरुआत का स्वागत किया।
मेला समिति के अध्यक्ष अंतिम बसेर ने बताया कि मेला 16 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इस विशाल आयोजन को मूर्त रूप देने में समिति ने अनेक कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन विश्वास और टीम भावना के साथ सब मिलकर जुटे रहे। बसेर ने भावुक होकर बताया, “जब भगवान पर सच्ची आस्था होती है, तो वह अपने भक्तों को कभी हारने नहीं देता। इसी विश्वास ने हमें इस मेला आयोजन तक पहुँचाया।”उद्घाटन समारोह में युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र गहलोत, पूर्व उपसरपंच परमानंद पाटीदार, पंच गौरव पाटीदार, हमेंद्र सिंह राठौर, प्रेमदास बैरागी, हर्षवर्धन सिंह राठौर, अविनाश उपाध्याय, जितेंद्र बसेर, शैलेंद्र मेडतवाल, जयराज भट्ट, सुरेश परिहार, सुरेश पाटीदार, मुकेश लोहार सहित नगर के वरिष्ठजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मेला समिति के संयोजकों की टीम की सराहना की और प्रति वर्ष इस आयोजन को और अधिक भव्य रूप से आयोजित करने की कामना की।नगर और आसपास के ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में लोगों ने उद्घाटन समारोह में भाग लिया। बच्चों और युवाओं में उत्साह देखते ही बनता था। मेले में रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी, झूले, मनोरंजन के स्टॉल, खाद्य वस्तुओं और ग्रामीण हस्तशिल्प की प्रदर्शनी ने लोगों को आकर्षित किया। हर ओर दीपमालाओं और सजावट की चमक ने सारंगी को त्योहारी रोशनी में नहा दिया।मेले का उद्देश्य स्थानीय कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्सवों को बढ़ावा देना है। मेला समिति ने इस आयोजन में स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का भी प्रयास किया है। शाम होते ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति शुरू हुई जिसमें स्थानीय कलाकारों ने लोक गीतों और नृत्यों से दर्शकों का मन मोह लिया।इस अवसर पर उपस्थित जनों ने कहा कि श्री सांवरिया सेठ दीपावली उत्सव मेला समिति का यह प्रयास सराहनीय है, जिसने पूरे नगर को एकता और उत्सव की भावना में बाँध दिया। मेले को लेकर नगरवासियों में उत्साह बना हुआ है और आने वाले दिनों में मेले में और भी भीड़ और रंगीन माहौल देखने को मिलेगा।





