जहरीली ताड़ी के कारण हुई मौत पर जयस एवं आदिवासी संगठनों ने पुलिस-प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, अवैध दुकानों पर तत्काल प्रतिबंध की मांग.!

#Jhabuahulchul
पेटलावद डेस्क। रुणजी निवासी श्री प्रेम मालिवाड़ की जहरीली ताड़ी के सेवन से हुई दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु के बाद आज जयस एवं समस्त आदिवासी सामाजिक संगठनों ने सामूहिक रूप से प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठनों ने पुलिस अधीक्षक झाबुआ, SDOP पेटलावद और SDM पेटलावद को ज्ञापन प्रेषित कर इस जानलेवा अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
मुख्य आरोप एवं तथ्य
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि क्षेत्र में बिक रही यह ताड़ी प्राकृतिक नहीं है, बल्कि बाहरी तत्वों द्वारा चावल के पानी, छाछ, नशीले केमिकल, ड्रग्स पाउडर और तंबाकू को मिलाकर बनाया जा रहा एक जानलेवा ज़हरहै।
संगठनों ने आरोप लगाया कि इस जहरीले मिश्रण के सेवन से प्रेम मालिवाड़ सहित कई लोगों ने अपनी जान गंवाई है, और यह कारोबार जानबूझकर आदिवासी युवाओं के जीवन को खतरे में डाल रहा है।

प्रमुख माँगें
ज्ञापन के माध्यम से संगठनों ने पुलिस एवं प्रशासन से निम्नलिखित तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
1. अवैध ताड़ी की सभी दुकानें और बिक्री केंद्र तत्काल प्रभाव से बंद किए जाएं।
2. इस जहरीले कारोबार में शामिल मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
3. प्रेम मालिवाड़ की मृत्यु के जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई हो।
चेतावनी
जयस प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन जल्द ही इस अवैध व्यापार पर निर्णायक कार्रवाई नहीं करता है, तो क्षेत्र के सभी सामाजिक संगठन मिलकर विशाल जन-आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन में सेकड़ो कार्यकर्त्ता शामिल हुए।




