फसल बीमा राशि नहीं मिलने से किसानों का गुस्सा फूटा, ग्राम बनी में राजगढ़-रतलाम मार्ग पर चक्का जाम,,,किसानों से फसल बीमा के नाम पर करोड़ों रुपए लूट लिए जाते हैं, वापस देने के नाम पर ₹10, ₹20 देते हैं..!

#Jhabuahulchul
रायपुरिया@राजेश राठौड़
ग्राम बनी में मंगलवार को किसानों ने फसल बीमा राशि नहीं मिलने से आक्रोशित होकर राजगढ़-पेटलावद गांव बनी के मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। किसानों का कहना है कि हर साल फसल बीमा के नाम पर उनके खातों से हजारों रुपये काट लिए जाते हैं और बीमा कंपनियों को करोड़ों रुपये का लाभ पहुँचाया जाता है। इसके बावजूद जब प्राकृतिक आपदाओं या मौसम की मार से फसलें बर्बाद होती हैं, तब किसानों को उचित बीमा राशि नहीं मिलती।
किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार तो उन्हें ₹10, ₹15 या ₹20 जैसे नगण्य मुआवजे की राशि दी जाती है, जिससे उनकी मेहनत और आशाओं पर पानी फिर जाता है। इस लूट की नीति से नाराज होकर बड़ी संख्या में किसान एकजुट हुए और ग्राम बनी में मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुँची तथा किसानों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने की कोशिश की। समाचार लिखे जाने तक किसान अपने हक की मांग पर डटे हे और उनका कहना हे कि जब तक फसल बीमा राशि का स्पष्ट समाधान नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।





