आषाढ़ मास में संकट मोचन हनुमान मंदिर पर हुआ भव्य यज्ञ आयोजन, गांव की सुख-समृद्धि के लिए दी पूर्णाहुति..!

#Jhabuahulchul
खवासा@आयुष पाटीदार/आनंदीलाल सिसोदिया
बस स्टैंड स्थित प्राचीन संकट मोचन हनुमान मंदिर पर परंपरागत रूप से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आषाढ़ मास के पावन अवसर पर भव्य यज्ञ एवं धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के अंतर्गत गांव के सभी मंदिरों में हनुमानजी को सिंदूर और तेल का विशेष चोला चढ़ाकर, नवीन वस्त्र धारण कराए गए और साथ ही प्रत्येक मंदिर पर नवीन ध्वजा भी फहराई गई।
मुख्य आयोजन संकट मोचन हनुमान मंदिर में संपन्न हुआ, जहां श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में आचार्य ओम प्रकाश दुबे द्वारा वैदिक विधि-विधान से यज्ञ का शुभारंभ किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में गांववासियों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही।
यज्ञ के मुख्य यजमान परमानन्द पाटीदार ने यज्ञ में पूर्ण आहुति देकर धार्मिक क्रिया की पूर्णता की। इसके अतिरिक्त महायज्ञ में सह-आचार्य के रूप में परमानन्द भट्ट, कर्तव्य भट्ट, चेतन त्रिवेदी और विजय पंडित ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूर्णाहुति के पश्चात महा आरती की गई। जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भाग लिया। इसके बाद महा प्रसादी वितरित की गई।
इस धार्मिक आयोजन का उद्देश्य गांव में सुख, समृद्धि, वर्षा, शांति और खुशहाली की कामना की गई। आयोजन की संपूर्ण जानकारी मंदिर के मुख्य पुजारी विकास बैरागी ने दी। उन्होंने बताया कि आषाढ़ मास में इस तरह का आयोजन ग्रामीणों की आस्था का प्रतीक बन चुका है और यह परंपरा निरंतर जारी रहेगी।




