
#Jhabuahulchul
पेटलावद डेस्क। झाबुआ जिले के पेटलावद तहसील से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां थांदला रोड स्थित एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसे के समय वहां काम कर रहे कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक दल मौके पर पहुंच गया है। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है। मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं, और प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत कार्यों में जुटा हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत में अचानक कंपन महसूस हुआ और कुछ ही पलों में पूरी इमारत धराशायी हो गई। इस दौरान मौके पर मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
फिलहाल प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, घटिया निर्माण सामग्री और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हो सकता है। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।
अपडेट के लिए जुड़े रहें…




