गैल टाउनशिप में मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस, पौधारोपण कर दिया संरक्षण का संदेश..!

#Jhabuahulchul
झाबुआ@हरीश यादव
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गैल टाउनशिप, झाबुआ में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विविध गतिविधियाँ संपन्न हुईं। इस कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, गैल इंडिया लिमिटेड, नगर पालिका, आपदा प्रबंधन विभाग, गुजरात गैस तथा मेघनगर औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा खेल प्रांगण में पौधारोपण से हुई, जिससे पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया। बच्चों ने रंगारंग नाटक प्रस्तुत कर पर्यावरण की महत्ता को सरल और प्रभावी रूप में दर्शाया।
वक्ताओं ने पॉलिथीन के कम उपयोग, जल संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण और स्वच्छता जैसे विषयों पर जागरूकता फैलाते हुए नागरिकों से इन कार्यों को जीवनशैली में शामिल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण की रक्षा हेतु शपथ ली। साथ ही आमंत्रित अतिथियों को जूट से बने थैलों का वितरण कर प्लास्टिक के विकल्प के उपयोग को प्रोत्साहित किया गया।