
#Jhabuahulchul
पेटलावद डेस्क। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर द्वारा आयोजित 58वीं अंतरमहाविद्यालयीय संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में शासकीय महाविद्यालय पेटलावद की छात्रा कु. प्राची पिता गोपाल सिंह पडियार ने 10 किलोमीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 41.20 मिनट में दौड़ पूरी कर चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
इस उपलब्धि के साथ ही कु. प्राची का चयन राष्ट्रीय स्पर्धा के लिए हो गया है। वह देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर का प्रतिनिधित्व करते हुए 26 दिसंबर 2024 को भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित राष्ट्रीय स्पर्धा में हिस्सा लेंगी।
कु. प्राची के इस शानदार प्रदर्शन ने न केवल पेटलावद बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता पर शासकीय महाविद्यालय पेटलावद के क्रीड़ा प्रभारी नारू कटारा सहित समस्त नगरवासियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
अब सभी की निगाहें राष्ट्रीय स्पर्धा पर टिकी हैं, जहां कु. प्राची अपने अद्वितीय प्रदर्शन से पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित करने की उम्मीद कर रही हैं।