
#Jhabuahulchul
बामनिया@जितेंद्र वैरागी
बामनिया के निकट ग्राम छायन पश्चिम पंचायत के करनगढ़ मोई चारणी फाटे पर आज बुधवार, 4 दिसंबर 2024 को “जननायक टंट्या भील” की 7 फुट ऊंची प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न डॉ. बाबा साहब अंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा, जयपाल सिंह मुंडा और रानी दुर्गावती के चित्रों पर माल्यार्पण से हुआ। इस अवसर पर बाहुबली के नाम से प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र डामर ने अमर शहीद टंट्या भील के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें “इंडियन रॉबिनहुड” की उपाधि दी।
सामाजिक मुद्दों पर जोर…
सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वरलाल गरवाल ने जल, जंगल और जमीन के महत्व को रेखांकित करते हुए अपनी मातृभूमि की रक्षा का संकल्प व्यक्त किया। जयस संरक्षक रोशन सिंगाड़, संदीप वसुनिया, और अन्य वक्ताओं ने टंट्या भील की क्रांतिकारी विरासत को याद करते हुए सामाजिक न्याय और आदिवासी एकता के महत्व पर बल दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रैली…
कार्यक्रम में भील प्रदेश युवा मोर्चा और जयस करनगढ़ की युवा टीम ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। शाम 5 बजे, एक रैली के रूप में उपस्थित लोग विशालकाय प्रतिमा के अनावरण स्थल तक पहुंचे। यह प्रतिमा क्षेत्र के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा अनावरण की गई।
विशेष सहयोग और समापन…
कार्यक्रम का संचालन जयस जिला प्रभारी कांतिलाल गरवाल ने किया, जबकि उपाध्यक्ष कपिल डामर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन को सफल बनाने में रोशन गरवाल, तोलसिंह डामर, गबरू सिंह गरवाल, कैलाश वसूनिया और अन्य स्थानीय कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
इस भव्य आयोजन ने जल, जंगल, जमीन और सामाजिक न्याय की लड़ाई के प्रतीक जननायक टंट्या भील की प्रेरणा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।