24 घंटे में अंतरराज्यीय डकैती गिरोह का पर्दाफाश, 40.50 लाख का माल बरामद…

#Jhabuahulchul
झाबुआ डेस्क। कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर अंतरराज्यीय डकैती गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.400 किलोग्राम चांदी के जेवरात सहित करीब 40 लाख 50 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 5 मार्च 2026 को फरियादी पूनमचंद चौहान मेघनगर स्थित अपने प्रतिष्ठान से सोने-चांदी के आभूषण लेकर झाबुआ आ रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे फुलमाल तिराहे के पास हाईवे पर अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर मारपीट की और गहनों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 167/2026 धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक शिव दयाल सिंह के निर्देशन में तीन टीमों का गठन किया गया। टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पाया कि वारदात में ईको कार (आरजे17 यूए 8516) का उपयोग किया गया था। चार आरोपी घटना को अंजाम देकर हाईवे मार्ग से राजस्थान की ओर भाग गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शहाबुद्दीन पिता इकबाल मोहम्मद (29), शाहरुख पिता मनसुर अली (21), राहुल पिता घनश्याम (25) और जयश पिता अनिल जैन (26) निवासी आवर थाना पगारिया, जिला झालावाड़ (राजस्थान) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 11.400 किलोग्राम चांदी के जेवरात (कीमत लगभग 32.50 लाख रुपए), सोने के आभूषण (करीब 1 लाख रुपए) तथा वारदात में प्रयुक्त ईको कार (कीमत लगभग 7 लाख रुपए) जब्त की है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी झाबुआ रूपरेखा यादव, थाना प्रभारी कोतवाली आर.सी. भास्करे, उपनिरीक्षक गुलाबसिंह वर्मा, एएसआई राजेश, एएसआई ज्ञान बहादुर, आरक्षक गणेश, आरक्षक चंद्रभान सहित साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के सराहनीय कार्य के लिए नगद इनाम की घोषणा की है।




