बेटे के विवाह की खुशी मातम में बदली, मां की हार्ट अटैक से मौत,,हे भगवान ये क्या कर दिया, जहां गुरुवार को थी खुशियों की घड़ी, उसे मातम में बदल दिया..!

#Jhabuahulchul
सारंगी@संजय उपाध्याय
सारंगी नगर में गुरुवार को एक ऐसी हृदय विदारक घटना घटित हुई, जिसने खुशियों से सजे घर को पलभर में मातम में बदल दिया। जामली वाले के नाम से परिचित आनंदीलाल पाटीदार के बेटे गोलु का विवाह संपन्न हुआ था और दूसरे दिन रिसेप्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पूरा परिवार हंसी-खुशी मेहमानों के स्वागत और आयोजन की तैयारियों में जुटा हुआ था।
रिसेप्शन के दौरान मामेरा की रस्म का समय आया। सभी मामेरावाले दूल्हे को आशीर्वाद देने के लिए खड़े थे। इसी बीच दूल्हे की मां गायत्री पाटीदार भी मामेरा की रस्म निभाने पहुंचीं। भाई के पहले ही निधन हो जाने की याद आते ही वे अपने मायके पक्ष से मिलकर भावुक हो उठीं और रोने लगीं।
परिजनों के अनुसार उनका ब्लड प्रेशर की दवा चल रही थी, लेकिन विवाह की व्यस्तता में दवा नहीं ले पाईं। अत्यधिक भावुकता और रोने के कारण अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। आनन-फानन में संभालने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
जिस परिवार ने अपनी लाडली बेटी को विवाह में ओढ़ाने के लिए मामेरा लाया था, उन्हें क्या पता था कि वही ओढ़नी बेटी की अर्थी पर ओढ़ानी पड़ेगी। इस घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। नगर में भी शोक की लहर दौड़ गई है। जहां कुछ देर पहले तक बैंड-बाजों और खुशियों की गूंज थी, वहां अब सन्नाटा और आंसुओं का माहौल है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।



