पेटलावद

कीटनाशक सेवन प्रकरण: दोषियों पर एफआईआर की मांग को लेकर बलाई महासंघ ने सौंपा ज्ञापन…

#Jhabuahulchul 

पेटलावद डेस्क। ग्राम खामडीपाड़ा निवासी राजेश मालवीय द्वारा कथित प्रताड़ना से तंग आकर कीटनाशक सेवन करने के मामले को लेकर अखिल भारतीय बलाई महासंघ, जिला झाबुआ ने गुरुवार को पुलिस थाना पेटलावद पहुंचकर थाना प्रभारी निर्भय सिंह भूरिया को ज्ञापन सौंपा। साथ ही एसडीएम कार्यालय एवं एसडीओपी कार्यालय में भी ज्ञापन प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि 11 फरवरी 2026 को राजेश मालवीय (पिता नंदलाल मालवीय) ने कथित रूप से लगातार मानसिक एवं सामाजिक प्रताड़ना से आहत होकर कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर अवस्था में उन्हें सिविल अस्पताल, पेटलावद में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

महासंघ ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि घटना से पूर्व राजेश मालवीय द्वारा एक सुसाइड नोट और सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया गया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि “मेरी जिंदगी अच्छी चल रही थी, लेकिन आशुतोष पंचोली व उसके रिश्तेदार तत्कालीन थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने मुझे बर्बाद कर दिया।” वीडियो में उन्होंने पंचोली बस के मालिक पर लगातार मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।

ज्ञापन के अनुसार लगभग छह माह पूर्व दो बस चालकों के बीच हुए विवाद में राजेश मालवीय एवं उनके साथियों पर प्रकरण दर्ज किया गया था। आरोप है कि मामले में अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि प्रारंभ में धारा 151 के तहत छोड़ने के बाद ₹50 हजार की मांग की गई और बाद में गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।

महासंघ ने यह भी बताया कि राजेश मालवीय पंचोली बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत थे, जहां से उन्हें हटा दिया गया। बाद में दूसरी बस में काम शुरू करने पर भी कथित रूप से काम नहीं करने दिया गया, जिससे उनकी आजीविका छिन गई और वे मानसिक रूप से टूट गए।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में राजेश मालवीय ने कथित रूप से कहा है कि यदि उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो उसके लिए संबंधित बस मालिक एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों पर कार्रवाई की जाए।

अखिल भारतीय बलाई महासंघ ने मांग की है कि संबंधित आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए तथा दोषी पाए जाने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।

प्रशासन से इस संवेदनशील मामले में त्वरित और पारदर्शी कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई है। साथ ही समाज जन ने अखिल भारतीय बलाई महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जी परमार को दूरभाष पर इस विषय को लेकर अवगत करवाया गया । जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ पेटलावद पुलिस यदि कार्रवाई नहीं करती है तो वह स्वयं आएंगे और झाबुआ एसपी कार्यालय का घेराव करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!