
#Jhabuahulchul
झाबुआ डेस्क। झाबुआ जिले के खवासा नगर की एक स्कूल के कुछ वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे है। वायरल वीडियो संत टेरेसा स्कूल का बताया जा रहा है, जहां स्कूल में फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया था। वीडियो के सामने आने के बाद पूरे नगर में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अनुशासन और संस्कार का ढिंढ़ोरा पीटने वाली उक्त स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही वीडियो के माध्यम से सामने आई है।
विदाई समारोह, जो कभी शालीनता और संस्कारों का प्रतीक माना जाता था, अब सड़कों पर जानलेवा प्रदर्शन में तब्दील होता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि स्कूल के छात्र छात्राएं नियमों को ताक पर रखकर स्टंट करते नजर आ रहे है।
वीडियो में बामनिया रोड स्थित स्टेडियम में स्कूल के बच्चे जेसीबी मशीन पर चढ़कर स्टंट करते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ छात्र लग्जरी कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर खतरनाक तरीके से स्टंट करते दिखाई दिए। इस दौरान डीजे पर अश्लील गाने बजते रहे।
इसके बाद स्टेडियम से काफिला निकाला गया, जो खवासा बस स्टैंड पहुंचा, जहां कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। काफिला नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ बाजना रोड स्थित स्कूल ग्राउंड पहुंचा, जहां भी स्कूल परिसर में बच्चे स्टंट करते हुए नजर आए। वार्षिक परीक्षा सिर पर होने एवं प्रतिबंध के बावजूद स्कूल परिसर में डीजे बजाना और खुले आम स्टंट को नहीं रोकना स्कूल प्रबंधन की घोर लापरवाही को उजागर करता है। हालांकि मामले को लेकर स्कूल प्रबंधन का कोई पक्ष सामने नहीं आया है।



