ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के तहत असालिया में ग्राम स्तरीय ग्रामोत्सव का आयोजन…

#Jhabuahulchul
ग्रामोदय_से_अभ्युदय_मध्यप्रदेश_अभियान के अंतर्गत विकासखंड पेटलावद की ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति असालिया, जिला झाबुआ द्वारा ग्राम स्तरीय ग्रामोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष एवं सरपंच श्रीमती रेशमा निनामा ने स्वामी विवेकानंद के विचार “उठो, जागो और लक्ष्य को प्राप्त करो” को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि अंतिम व्यक्ति तक मदद पहुंचाना ही सही मायनों में अभ्युदय है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे जन अभियान परिषद के साथ मिलकर स्वालंबन, सामूहिक सहभागिता, स्वैच्छिकता एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य करें, जिससे गांव का सर्वांगीण विकास संभव हो सके।
इस अवसर पर नवांकुर संस्था असालिया सोशल फाउंडेशन से दिनेश परमार ने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में म.प्र. जन अभियान परिषद की भूमिका सराहनीय है। उन्होंने सामाजिक समरसता, नशा मुक्ति, शिक्षा एवं संस्कार जैसे विषयों को भी ग्राम विकास के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में यह संकल्प लिया गया कि म.प्र. जन अभियान परिषद शासन की योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाएगा और निरंतर अपने-अपने सेक्टर में गतिविधियां संचालित करेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों को स्वदेशी अपनाने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य, ग्रामीणजन एवं जन अभियान परिषद से जुड़े कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





